जदयू : आरसीपी का नहीं ललन सिंह का पत्ता कटा है

जदयू के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के बजाय पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। अब ललन सिंह का पत्ता साफ होगा।

जागृत टीम

जदयू ने राज्यसभा की के लिए केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की जगह खीरू महतो को उम्मीदवार बनाया है। खीरू महतो जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हैं।

जदयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस फैसले को चौंकाने वाला फैसला कहा जा रहा है। मीडिया में रविवार, 29 को यह शब्दावली खूब चली। बिहार मीडिया के मुंह में यह शब्दावली जदयू के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने डाली थी। उनहोंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने पार्टी के समर्पित नेता अनिल हेगड़े को राज्यसभा भेज कर चौंकाया। इस बार उनका फैसला और भी चौंकाने वाला और करिश्माई होगा।

नीरज कुमार न केवल जदयू के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता हैं, बल्कि ललन सिंह के भी बहुत करीबी हैं। वो नीतीश सरकार में सूचना एवं जनसंपर्क के मंत्री भी रह चुके हैं। लेकिन नीतीश कुमार ने अभी जितना चौंकाया है, उससे अधिक आने वाले दिनों में चौंकाएंगे। नीतीश कुमार के अगले फैसले से ललन सिंह को बड़ा झटका लग सकता है।

पार्टी संगठन में बदलाव

आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्रीमंडल से हटने के बाद ललन सिंह मंत्री बन सकते हैं। वैसे अब मोदी सरकार के केवल दो साल बचे हैं। थोड़े ही दिनों बाद चुनावी तैयारी शुरू हो जाएगी। ऐसे में नीतीश कुमार केंद्र सरकार का हिस्सा नहीं बने रहना चाहेंगे। दूसरी ओर बिहार और उससे बाहर संगठन को मजबूत करने की चुनौती है। यह काम ललन सिंह के बजाय आरसीपी सिंह ज्यादा अच्छे से कर सकते हैं। इसमें उनके प्रशासनिक अनुभव के साथ ही जातिय पहचान की भी अहम भूमिका होगी।

जाति आधारित जनगणना

बिहार में जाति आधारित जनगणना के लिए पहली जून को सर्वदलीय बैठक होगी। उसके बाद जनगणना का काम भी शुरू होने की संभावना है।

नीतीश कुमार यह काम दो कारणों से करवाएंगे। पहला तो यही कि वे खुद इसकी मांग उठाते रहे हैं। और दूसरे इसलिए कि विपक्ष के दबाव को निष्प्रभावी बनाना चाहते हैं। मगर इससे भी एक बड़ा कारण है। वह भाजपा के लिए नई चुनौती खड़ी कर सकते हैं।

इन सब को देखते हुए यह समझा जाता है कि नीतीश और जदयू के अगले मंसूबे में रामचंद्र बाबू ज्यादा फिट बैठते हैं। ललन सिंह और उपेंद्र कुशवाहा के लिए बहुत ज्यादा स्कोप नहीं है। ललन सिंह के लोकसभा क्षेत्र मुंगेर से एमएलसी चुनाव में जदयू की हार से भी पार्टी नेतृत्व चिंतित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *