पीके यानि प्रशांत किशोर जन सुराज का मतलब समझा रहे हैं

पीके यानि प्रशांत किशोर लोगों को जन सुराज का मतलब समझाने में लग गए हैं। इसी कड़ी में पीके मतलब प्रशांत किशोर वैशाली पहुंचे। जहां उन्होंने समाजवादी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जागृत टीम

प्रशांत किशोर ने सोमवार को जन सुराज यात्रा की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रघुवंश प्रसाद सिंह के घर से की। पीके सोमवार को 11 बजे लोकप्रिय समाजवादी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के पैतृक निवास पहुंचे। उनहोंने स्वर्गीय रघुवंश बाबू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रशांत किशोर ने रघुवंश प्रसाद सिंह के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद भ किया। इनमें कई मुखिया, जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक प्रमुख शामिल थे।

मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशांत किशोर का जोरदार स्वागत किया। लोगों ने उनसे जन सुराज की सोच पर चर्चा की। उनहोंने प्रशांत किशोर को जलजमाव जैसे स्थानीय मुद्दों से भी अवगत कराया।

छात्रों के साथ संवाद

एक दूसरे कार्यक्रम में प्रशांत किशोर महनार के बसंतपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद छात्र छात्राओं के साथ संवाद किया। उनहें जन सुराज की सोच से अवगत कराया। छात्र-छात्राओं ने भी प्रशांत किशोर का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। कई छात्रों ने प्रशांत किशोर से जन सुराज और बिहार की समस्याओं पर सवाल भी पूछे। इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अमर कुमार सिंह ने किया। अमर कुमार सिंह छात्रों को फ्री शिक्षा देते हैं।

दिव्यांग जनों से मुलाकात

एक अन्य कार्यक्रम में प्रशांत किशोर सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के चैनपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिव्यांग कल्याण संघ के अध्यक्ष जसवीर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान अन्य दिव्यांग जनों और ग्रामीणों ने प्रशांत किशोर का स्वागत किया। प्रशांत ने उनको जन सुराज की सोच से बिहार को विकसित राज्यों के बराबर खड़ा करने की परिकल्पना को विस्तार से समझाया।

जनप्रतिनिधियों से मिले प्रशांत किशोर

वैशाली जिले में अपनी यात्रा के दूसरे दिन प्रशांत किशोर ने महुआ प्रखंड के बिराना लखन सेन गांव में पैक्स अध्यक्ष अंशुल कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात में कई पैक्स अध्यक्ष, मुखिया और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रशांत किशोर ने यहां जन सुराज की सोच और पंचायती राज व्यवस्था में उसकी उपयोगिता पर अपनी बात रखी। इसके बाद उन्होंने बिदुपुर प्रखंड के पूर्व प्रमुख ब्रज किशोर से भी मुलाकात की। उनसे भी जन सुराज के मुद्दे पर चर्चा की। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा ग्रामीण भी मौजूद रहे।

जारी रही मुलाकातें

प्रशांत किशोर सोमवार की शाम हाजीपुर में लोगों से मिले। उनहोंने वैशाली रेड क्रॉस के सचिव और स्वर्गीय कन्हैया सामाजिक सेवा संस्थान के संस्थापक सुधीर शुक्ला के नेतृत्व में शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात में कई प्रोफेसर, डॉक्टर और इंजीनियर भी शामिल हुए। इन सबके साथ जन सुराज की सोच को समझने का प्रयास किया। प्रशांत किशोर ने कहा जन सुराज की परिकल्पना के आधार पर बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *